होडल (पलवल), 08 जनवरी। देश की बागडोर और देश का खजाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है। हमें अपने प्रधानमंत्री पर गर्व है। आठ साल पहले के भारत की अपेक्षा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज के भारत के अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिले हैं। कश्मीर से कन्या कुमारी तक भारत देश एक था, एक है और एक ही रहेगा। यह वक्तव्य रविवार को केंद्रीय उर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने होडल के त्यागी स्कूल में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, होडल के विधायक जगदीश नायर, बीजेपी जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया भी मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले आठ सालों में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरेक भारतवासी के मन में देशभक्ति की अमिट भावना जागृत की है। उनका कहना है कि देश सर्वप्रथम है। उन्होंने कहा कि भारत देश आर्थिक स्थिति से विश्व में पांचवें स्थान पर है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, जिनमें मुख्यत: किसान फसल बीमा योजना, बीपीएल कार्ड तथा चिरायु हरियाणा योजना के तहत पात्र व्यक्तियों के बनाए गए आयुष्मान कार्ड शामिल हैं। अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछली सरकारों में जिन्होंने देश को बांटने का काम किया। वह आज नफरत छोडो-भारत जोडो यात्रा निकाल रहे हैं। जो देश से पहले अपने परिवार को मानते हैं वह देश को क्या जोडेंगे। पिछली सत्ता ने देश का बांटने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश अखंड था, अखंड है और अखंड ही रहेगा। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही कश्मीर से धारा 370 को खत्म किया गया। राम मंदिर का निर्माण भी बडी शांतिपूर्ण ढंग से किया गया। काशी विश्वनाथ के मंदिर का भव्य रूप भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन का एक उदाहरण है। प्रधानमंत्री द्वारा देश के सभी तीर्थ स्थलों को भारत माला योजना के तहत हाइवे से जोडने का कार्य किया गया है।
नागरिक अभिनंदन समारोह में उदय सिंह सौरोत सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी में अपनी आस्था रखते हुए पार्टी ज्वाइन की। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री गुर्जर ने प्रधान उदय सिंह सौरोत को बीजेपी का पटका पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया। उन्होंने बीजेपी में सम्मलित होने की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि प्रधान उदय सिंह सौरोत तथा उनके हजारों कार्यकर्ताओं को भाजपा परिवार में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा और विकास कार्य करवाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रधान उदय सिंह सौरोत पहले दल से ज्यादा इस दल में इज्जत महसूस करेंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं मिल कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण ने प्रधान उदय सिंह सौरोत को भाजपा से जुडने की बधाई देते हुए कहा की पडोसी होने के नाते बृजभूमि की ओर से आपका हार्दिक स्वागत व अभिनंदन। आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हवा बह रही है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विश्व में देश की साख बढ़ाई है। देश का मान-सम्मान बढ़ाया है। प्रदेश में मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। प्रधान उदय सिंह सौरोत ने भारतीय जनता पार्टी में अपना विश्वास जताकर बीजेपी की नीतियों के अनुरूप पार्टी में शामिल होकर बहुत ही नेक कार्य किया है। भारतीय जनता पार्टी सबका साथ-सबका विकास की तर्ज पर समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। अन्य प्रदेश भी हरियाणा सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का अनुसरण कर रहीं हैं।
विधायक जगदीश नायर ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर व उत्तर प्रदेश के केबिनेट मंत्री का विधानसभा होडल में पधारने पर हार्दिक स्वागत व धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा उत्तर प्रदेश के केबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण का पगडी बांधकर व फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, जगमोहन गोयल, चौधरी बलबीर, टेकचंद सौरोत, मनोज रावत, भगत सिंह बेनिवाल, हरेंद्र, योगेंद्र सहरावत, महेंद्र भडाना, तीनों मंडलो के अध्यक्ष बच्चू पार्षद, प्रेमराज, जगवीर, नगर परिषद के पार्षदगण, विभिन्न गांवों के पंच-सरपंच, ब्लॉक समिति के सदस्यगण सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Post A Comment:
0 comments: