Faridabad Assembly

Palwal Assembly

Faridabad Info

Showing posts with label Mahendragarh. Show all posts

10 साल में भाजपा सरकार ने हरियाणा का भट्ठा बैठाने में कोई कसर नहीं छोड़ी : दीपेन्द्र हुड्डा

MP-DEEPENDRA-SINGH-HUDDA

महेन्द्रगढ़, 22 सितंबर। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आज महेन्द्रगढ़ विधानसभा के जवाहरनगर में चुनावी रैली को संबोधित किया और माधोगढ़ बस स्टैंड से रोड शो शुरु कर गादड़वास, डालनवास, बारड़ा टी पॉइंट, सुरेहती जाखल, सुरेहती पिलानिया, सुरेहती मोडियाना, ढाणा, बास, सतनाली बस स्टैंड तक सघन चुनाव प्रचार किया और कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह को एक बार पुनः विजयी बनाने के लिये अधिक से अधिक वोट देने की अपील की। इस दौरान उन्हें सुनने पहुंचे जनसैलाब को देखकर गदगद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी की अत्याचारी, अन्यायी सरकार से पीछा छुड़ाने का जिस पल का इंतजार पूरे प्रदेश की जनता कर रही थी वो घड़ी आ गयी है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2014, 2019 में झूठ बोलकर वोट बटोरे अब हरियाणा की जनता भाजपा की वायदाखिलाफी का हिसाब चुकता कर देगी। प्रदेश की जनता इस बात को समझ चुकी है कि कांग्रेस के पक्ष में वोट डालकर ही भाजपा को सत्ता से बेदखल किया जा सकता है अन्य वोटकाटू दल व निर्दलियों का कोई भरोसा नहीं कि चुनाव के बाद वो कहां जायेंगे। 

उन्होंने याद दिलाया कि गत चुनाव में जेजेपी ने बीजेपी को जमना पार करके वोट मांगे और चुनाव के बाद मतदाताओं से विश्वासघात करके भाजपा की गोद में जा बैठे। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने आज उचाना, समालखा और महेंन्द्रगढ़ हलकों का चुनावी दौरा किया और कांग्रेस प्रत्याशी बृजेन्द्र सिंह, धर्मसिंह छोक्कर, राव दान सिंह के लिए वोट मांगे।

उन्होंने कहा कि पिछली बार भी लोग बीजेपी सरकार को हराना चाहते थे लेकिन दुष्यंत चौटाला और निर्दलियों ने अपने मतदाताओं से धोखा करके भाजपा की सरकार बना दी। उन्होंने आगे कहा कि जिनको पिछली बार एक सीट मिली, अगर उनको भी ज्यादा सीट मिलती तो वो भी वही करते जो दुष्यंत चौटाला ने किया। लोकसभा चुनाव के ठीक पहले बीजेपी और जेजेपी के बीच में समझौता तोड़ने का समझौता हो गया। 


जब हरियाणा में बीजेपी को ये समझ में आ गया कि लोगों का रुख बीजेपी के खिलाफ है तो उसने मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, कैबिनेट, प्रदेश अध्यक्ष का चेहरा बदल दिया फिर चुनाव की तारीख बदली, अपने कैंडिडेट बदले। लेकिन अपना अहंकार नहीं बदला। अब तो जनता इस सरकार को ही बदल देगी। 

दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि जिस दिन भाजपा ने उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को हटाया उस दिन भाजपा-जेजेपी के लूट की छूट के समझौते की पोल भी खुलकर सामने आ गई। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा के घोटालों के राज बताऊंगा तो भाजपा ने कहा कि दुष्यंत चौटाला के घोटालों के राज बतायेंगे। भाजपा ने 2019 में भी ठगा और 2024 में भी ठगने की फिराक में है।

उन्होंने कहा कि 10 साल की भाजपा सरकार ने हरियाणा का भट्ठा बैठाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जो हरियाणा विकास, खुशहाली, अमन-चैन शांति, रोजगार देने में नंबर 1 था वो आज केंद्र सरकार बता रही है बेरोजगारी में नंबर 1 हो गया। अपराध दर, नशाखोरी, महंगाई, भ्रष्टाचार में पहली पायदान पर है। बीजेपी सरकार ने लोगों को प्रापर्टी आईडी, पोर्टल में उलझा दिया, तो बेरोजगारी झेल रहे हरियाणा के नौजवान को सीईटी, कच्ची भर्ती में उलझा दिया। 2 लाख सरकारी पद समाप्त कर दिए। 

कौशल रोजगार निगम, अग्निपथ योजना लाकर बिना रिजर्वेशन, बिना मेरिट, बिना पेंशन वाली कच्ची नौकरियों के जंजाल में फंसा दिया। न निजी क्षेत्र में कोई निवेश आया न सरकारी रोजगार मिला। कहीं थोड़ी बहुत भर्ती निकली तो वो पेपर लीक और भर्ती घोटाले की भेंट चढ़ गई। HPSC दफ्तर में रिश्वत के करोड़ों रुपए पकड़े गए। अग्निपथ योजना के पहले देश की फौज में हरियाणा से हर साल करीब 5500 की पक्की भर्ती होती थी। लेकिन अग्निपथ योजना लाकर बीजेपी सरकार ने इसे भी कच्चे में बदल दिया। 

अब केवल 225 अग्निवीर ही पक्के होंगे। इसका सबसे बड़ा नुकसान दक्षिण हरियाणा को हुआ और इसका नतीजा ये हुआ कि प्रदेश का नौजवान डंकी के रास्ते पलायन को मजबूर हो गया। भर्ती के नाम पर युवाओं का शोषण किया और तारीख पर तारीख दी। उन्होंने एलान किया कि कांग्रेस सरकार आते ही खाली पड़े 2 लाख सरकारी पदों को जॉब कलेंडर के हिसाब से मेरिट पर भरेंगे और युवाओं की ज्वाईनिंग पर ज्वाईनिंग करायेंगे।

अपनी जनसभाओं में उमड़ी भीड़ से गदगद होकर सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने घोषणा करी कि कांग्रेस सरकार आने पर महेंद्रगढ़ में भी IMT बनवाने का काम करेंगे। केंद्र सरकार से अग्निपथ योजना वापस लेने और अहीर रेजीमेंट के गठन की मांग करेंगे। कर्नाटक, हिमाचल की कांग्रेस सरकार की तर्ज पर महिलाओं को शक्ति देने के लिए महालक्ष्मी योजना के माध्यम से 2000 रुपये और 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देंगे। सामाजिक सुरक्षा को बल देने के लिए बुजुर्गों, दिव्यांगों, विधवाओं को 6000 रुपये पेंशन देंगे। 

कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम बहाल होगी। भर्ती विधान के तहत युवाओं को 2 लाख पक्की भर्ती होगी। नशा मुक्त हरियाणा बनाएंगे। हर परिवार को खुशहाली देने के लिए 300 यूनिट बिजली फ्री और 25 लाख रुपये तक के मुफ़्त इलाज की सुविधा देंगे। किसानों को MSP व सर्वाधिक भाव की गारंटी और तत्काल फसल खराबे का मुआवजा दिया जाएगा। 

गरीब परिवारों को महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत 100-100  गज के मुफ़्त प्लॉट व इंदिरा आवास योजना के माध्यम से 3.5 लाख रुपये की लागत से 2 कमरे का मकान देंगे। जातिगत जनगणना कराएंगे और पिछड़ा वर्ग क्रीमी लेयर आय सीमा को बढ़ाकर 10 लाख करेंगे।

कांग्रेस की सरकार बनना तय, महेंद्रगढ़ की होगी सरकार में मजबूत हिस्सेदारी - हुड्डा

Former-Haryana-Chief-Minister-Bhupinder-Singh-Hooda

महेंद्रगढ़, 9 सितंबर। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोमवार को महेंद्रगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार राव दान सिंह का नामांकन करवाने पहुंचे। यहां उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। हुड्डा ने कहा कि राव दान सिंह के रूप में कांग्रेस ने एक मजबूत उम्मीदवार महेंद्रगढ़ को दिया है। उन्होंने हमेशा पुरजोर तरीके से इलाके की आवाज उठाई है। यहीं वजह है कि पूरे हरियाणा में जो एक सेंट्रल यूनिवर्सिटी बनी तो वो महेंद्रगढ़ में आई। भविष्य में भी इसी तरह की परियोजनाएं और विकास कार्यों को इलाके में लाने की ताकत दान सिंह ही रखते हैं।

हुड्डा ने कहा कि राव दान सिंह का भविष्य उज्जवल है। क्योंकि प्रदेश की 36 बिरादरी एकजुट होकर एक ही नारा लगा रही है- बीजेपी जा रही है और कांग्रेस सरकार आ रही है। निश्चित ही महेंद्रगढ़ की जनता आने वाली सरकार में अपनी मजबूत भागीदारी और हिस्सेदारी रखेगी।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर कौशल निगम के कच्चे कर्मचारियों को जॉब सिक्युरिटी व उचित वेतन दिया जाएगा। जबकि बीजेपी ने 1.20 लाख अस्थाई कर्मचारियों को पक्का करने का जो ऐलान किया था, वह झूठा साबित हुआ। आज तक एक भी कर्मचारी को जॉब सिक्युरिटी का लेटर नहीं मिला।


हुड्डा ने बताया कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के साथ कांग्रेस सरकार में बुजुर्गों को 6000 रुपये पेंशन, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ, युवाओं को पेपर व योग्यता के आधार पर 2 लाख पक्की नौकरियां, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर और 300 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ दिया जाएगा। साथ ही बीजेपी सरकार द्वारा लटकाई गई भर्तियों को तीव्रता के साथ पूरा किया जाएगा और सरकार बनते ही पहले साल के भीतर 1 लाख नौकरियां दी जाएंगी।

इस मौके पर राव दान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान महेंद्रगढ़ की दशा और दिशा पूरी तरह बदल गई थी। इलाके में केंद्रीय विश्वविद्यालय, आठ कॉलेज, चार आईटीआई, अनेकों सब-डिवीजन, तहसील, मिनी सेक्रेटेरिएट, ज्यूडिशल कंपलेक्स, ऑडिटोरियम और फ्लाई ओवर बनाने जैसे तमाम विकास कार्य कांग्रेस सरकार के दौरान ही हुए। लेकिन 10 से सत्ता में बैठी भाजपा के पास बताने लायक एक भी काम नहीं है। इसीलिए बीजेपी सिर्फ चुनाव लड़ने की औपचारिकता कर रही है। जबकि अंदर खाने वह भी मान चुकी है कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

भाजपा ने किसान, जवान, पहलवान समेत हर वर्ग का तिरस्कार किया - हुड्डा

Former-Chief-Minister-of-Haryana-Bhupendra-Singh-Hooda

नारनौल, 3 मईः भिवानी-महेंद्रगढ़ की मिट्टी में देशभक्ति का जज्बा पनपता है। यहां का प्रत्येक युवा फौज में भर्ती होने और देश के लिए मर-मिटने की ख्वाहिश लेकर बड़ा होता है। लेकिन अग्निवीर योजना लागू करके बीजेपी ने हमारे युवाओं से देश के लिए कुर्बानी देने का अधिकार भी छीन लिया। ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। हुड्डा आज भिवानी-महेंद्रगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह का नामांकन करवाने पहुंचे। इस मौके पर एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया।

लोगों को संबोधित करते हुए हुड्डा ने कहा कि किसान, जवान और पहलवान हरियाणा की पहचान हैं। लेकिन बीजेपी ने इन तीनों का तिरस्कार किया है। किसानों को एमएसपी देने की बजाय लाठी और गोलियां दी गईं। जवानों को शिक्षा और रोजगार देने की बजाय बेरोजगारी और नशा दिया गया। 

पहलवानों को सम्मान और ‘पदक लाओ पद पाओ’ नीति के तहत उच्च पद देने की बजाय. उन्हें सड़कों पर घसीटा गया। इसी तरह बीजेपी सरकार ने मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, सरपंच और नंबरदार समेत प्रदेश के हर वर्ग को प्रताड़ित किया। लेकिन अब चुनाव में बीजेपी को अपनी हर एक कारगुजारी का हिसाब देना पड़ेगा।

हुड्डा ने कहा कि बीजेपी को अब उसी जनता के बीच जाकर वोट मांगने पड़ रहे हैं, जिससे इस पार्टी ने हमेशा अहंकार और लाठी गोली की भाषा में बात की है। जनता अपने दर्द को वोटिंग के जरिए बयां करेगी और 36 बिरादरी एकजुट होकर कांग्रेस की सरकार बनाएगी। यहां से राव दान सिंह बड़े अंतर से जीत तर्ज करेंगे और संसद में इलाके की मजबूत आवाज बनेंगे।

अपने संबोधन में राव दान सिंह ने कहा कि अग्निवीर योजना लागू होने से पहले हरियाणा से हर साल लगभग 5000 युवा फौज में भर्ती होते थे। लेकिन अब मुश्किल से 200 युवा भर्ती होंगे। केंद्र सरकार ने अहीर रेजिमेंट की मांग को भी ठुकरा दिया है। केंद्र में अग्निवीर और हरियाणा में कौशल रोजगार निगम जैसी योजना लागू करके बीजेपी ने युवाओं से पक्की नौकरी का अधिकार छीन लिया। 

कौशल निगम के जरिए बीजेपी ने आरक्षण को भी खत्म कर दिया। इससे स्पष्ट है कि यह सरकार गरीब, दलित और पिछड़ों की भागीदारी के खिलाफ है। इसीलिए भाजपा द्वारा कांग्रेस के क्रांतिकारी मेनिफेस्टो के खिलाफ लगातार झूठ फैलाया जा रहा है।

लेकिन जनता अब भाजपा के मायाजाल में नहीं फंसेगी। जनता, किसानों को एमएसपी की गारंटी, युवाओं को रोजगार की गारंटी, महिलाओं को नौकरियों में 50% आरक्षण और 1 लाख सालाना देने का वादा करने वाली कांग्रेस को वोट देगी।

स्कूल बस हादसे से दुखी हूँ, ये हादसा नहीं हत्या है, मिलना चाहिए न्याय - दीपेंद्र हुड्डा

Rajya-Sabha-MP-Deependra-Singh-Hooda

महेंद्रगढ़, 12 अप्रैलः राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा आज उनहानी गांव के पास हुए स्कूल बस हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने अपने बच्चों को खोने वाले परिजनों से मिलकर ढांढ़स बंधाया। सांसद दीपेंद्र ने बच्चों की दु:खद मौत पर गहरा दुख प्रकट किया और परमात्मा से प्रार्थना की कि वो परिवारजनों को ये दुःख सहने की क्षमता दे। उन्होंने चोटिल छात्रों का हालचाल भी जाना व उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

इसके बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इस हादसे की वजह से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पीड़ित परिवारों ने कहा कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है। क्योंकि अभिभावकों ने कई बार इस ड्राइवर के विरुद्ध शिकायत भी की थी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने उसे अनसुना कर दिया। 

हादसे के दिन बस ड्राइवर के शराब पी रखी थी। यहां तक पता चला है कि एक गांव में लोगों ने ड्राइवर को रोक भी लिया था उससे बस की चाबी छीन ली थी। लेकिन हैरानी की बात है कि फिर भी स्कूल प्रबंधन ने उसी ड्राइवर से बस चलवाई।

सवाल यह भी है कि ईद की छुट्टी के बावजूद बच्चों को स्कूल क्यों बुलाया गया? सवाल स्कूल व्हीकल की सर्टिफिकेशन व नियमों की उल्लंघना के भी उठ रहे हैं। यानी हादसे के लिए ड्राइवर के शराब पीने से लेकर स्कूल प्रबंधन व स्थानीय प्रशासन की कई स्तर पर हुई लापरवाही जिम्मेदार है। इसलिए जरूरी है पूरे मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए। ताकि सच्चाई सामने आए और परिजनों को न्याय मिल सके। परिजनों की मांग है कि एक भी दोषी बख्शा ना जाए।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि दोषियों पर ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए, जो नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों के लिए सबक साबित हो। साथ ही पूरे हरियाणा की स्कूल बसों की सुरक्षा को पूरी तरह रिव्यू किया जाए ताकि भविष्य में ऐसा कोई हादसा पेश ना आए। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवारों के लिए हरसंभव मदद व घायल बच्चों के इलाज के लिए तमाम जरूरी व्यवस्थाएं करने की भी मांग की।

करणी सेना के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष बने मंदीप सिंह खेड़ी का हुआ भव्य स्वागत

Mandeep-Singh-Khedi-Karni-Sena-Haryana-State-President

महेंद्रगढ़, 03 अप्रैल : सामाजिक बुराईयों के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए युवाओं को सामाजिक बुराईयों से दूर रहने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से करणी सेना समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाती है। इन जागरूकता अभियानों में युवाओं की अहम भागीदारी करणी सेना द्वारा सुनिश्चित की जाती है। जिसके लिए अधिक से अधिक युवा करणी सेना से जुड़े, इस उद्देश्य के करणी सेना में अहम पदों की जिम्मेवारी युवाओं को सौंपी जाती है, ताकि वे नई सोच व ऊर्जा से सामाजिक बुराईयों के खिलाफ अन्य युवाओं को जागरूक कर सकें। 

इसी कड़ी में हालही में उत्तराखंड के रामनगर में स्थित जिम कॉर्बेट पार्क में करणी सेना की राष्ट्रीय कोर गु्रप की महत्वूपर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने की। बैठक के दौरान करणी सेना के संगठन विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के प्रभारी एवं सह प्रभारी की नियुक्तियां भी की गई। जिसमें गांव खेड़ी तलवाना निवासी मंदीप सिंह खेड़ी को करणी सेना हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

गौरतलब होगा कि मंदीप सिंह खेड़ी पिछले लंबे समय से करणी सेना से जुड़े हुए है तथा करणी सेना के हर अभियान में अपनी अहम भूमिका निभाते हुए करणी सेना को मजबूत करने की दिशा में बहुत ही प्रशंसनीय कार्य किए है। उनके इसी मेहनत एवं लग्न से प्रभावित होकर शीर्ष नेतृत्व ने उन्हे प्रदेश अध्यक्ष जैसे अहम पद आसीन किया है। 

करणी सेना के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार अपने गांव पहुंचे मंदीप सिंह का बुधवार को कनीना में रेवाड़ी मोड पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कनीना बार एसोसिएशन सहित अन्य युवाओं ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा उनके हर अभियान में कंधे से कंधा मिलाकर उनका साथ देने का भरोसा दिलाया। 

इस दौरान युवाओं ने खासा जोश दिखाया तथा कनीना मेें रेवाड़ी मोड़ से शुरू किया काफिला ढ़ोल व डीजे पर नाचते हुए कनीना, उंहानी, धनौंदा, खरकड़ा बास तथा खेड़ी तलवाना पहुंचा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर मंदीप का फूल-मालाओं के साथ अभिनंदन किया गया।

इस मौके पर करणी सेना के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मंदीप सिंह खेड़ी ने करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू सहित अन्य शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया तथा कहा कि करणी सेना के भरोसे एवं मान का वे सदैव सम्मान रखेंगे तथा करणी सेना समाजहित के संदेश को आगे बढ़ाते हुए समाज व राष्ट्र हित में कार्य करेंगे। 

उन्होंने कहा कि वे एक विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को करणी सेना के मूल उद्देश्य से अवगत करवाकर उन्हे करणी सेना से जोडऩे का कार्य करेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक बुराईयों से दूर रखा जा सकें तथा राष्ट्र की तरक्की को पंख लगाए जा सकें।

इस मौके पर युवाओं ने कहा कि मंदीप सिंह की नियुक्ति से करणी सेना को निश्चित तौर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सदैव वे मंदीप सिंह के समाजहित के कार्यो में बढ़-चढ़क़र भाग लेंगे।