समारोह में बरसात के बावजूद भी प्रतिभागी टुकडिय़ों का उत्साह कम नहीं हुआ और उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा। इससे पहले खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने फरीदाबाद स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर देश को आजाद कराने और देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले असंख्य वीर शहीदों को पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया और उनके शौर्य को सलाम किया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान से पूरा भारत हुआ तिरंगामय :
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सभी को देश के आजादी के पर्व 79वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में कहा कि आज का यह दिन हमें मां भारती के असंख्य वीरों द्वारा दी गई प्राणों की आहुति उपरांत नसीब हुआ है, जिसके लिए हम वीरों के सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने इस अवसर पर विशेष रूप से उन वीर सैनिकों को प्रणाम किया जो देश की सीमाओं पर विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की शान को बरकरार रखे हुए हैं, जिनकी बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान से आज पूरा भारत तिरंगामय है, हर गली, हर घर तिरंगे के रंग में रंगा है और हर कोने में देशभक्ति की गूंज है। तिरंगा हमारे इतिहास, संघर्ष और सपनों का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज उन ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है, जिन्होंने आजादी से पहले और बाद में, भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
सुरक्षित हाथों में है भारत देश की डोर : खेल राज्य मंत्री
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हाल ही में पूरी दुनिया ने देखा कि किस प्रकार 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों को मारकर हमारी बहनों के सिंदूर को उजाड़ दिया। यह केवल नागरिकों पर एक आतंकी हमला नहीं था, बल्कि भारत की आत्मा पर किया गया एक दुस्साहसपूर्ण प्रहार था। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना के तुरंत बाद स्पष्ट शब्दों में कहा था कि भारत आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर चलेगा और इस हमले के पीछे जो भी हैं, उन्हें उनकी कल्पना से भी अधिक कठोर सजा देगा।
आज स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुझे यह कहते हुए बड़े गर्व का अनुभव हो रहा है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 7 मई की रात को हमारे बहादुर सुरक्षाबलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। यह एक सटीक और साहसिक अभियान था, जिसमें हमारी सेना ने पाकिस्तान की सरजमीं पर जाकर आतंकवाद के 9 ठिकानों को ध्वस्त किया।
इसके पश्चात एक और निर्णायक कार्रवाई की गई और ऑपरेशन महादेव चलाकर हमारे सुरक्षाबलों ने पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों को समाप्त करने का काम किया। यह केवल प्रतिशोध नहीं था, यह आतंकवाद के खिलाफ संदेश है कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा और आतंकवाद के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाएगा। उन्होंने कहा कि आज भारत देश की डोर सुरक्षित हाथों में है।
प्रधानमंत्री के सतत प्रयासों से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा भारत :
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों से देशवासियों ने जो क्रांतिकारी बदलाव और अभूतपूर्व सफलताएं महसूस की हैं, वे प्रधानमंत्री के साहसिक और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। पीएम किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना और पीएम गरीब कल्याण अन्न जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों भारतीयों को सशक्त बनाया गया है।
इन पहलों से समाज के कमजोर वर्गों को बराबरी, सम्मान और आत्मनिर्भरता का अवसर मिला है। यह हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लिए गए ऐतिहासिक फैसले देश के नव निर्माण में अहम योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि 11 वर्ष पहले भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 14वें स्थान पर थी, जो आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सतत प्रयासों से भारत देश तेजी से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।
‘विकसित भारत’ के नक्शे में ‘विकसित हरियाणा’ की होगी अलग पहचान :
गौरव गौतम ने कहा कि मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में विकसित हरियाणा का रोडमैप लेकर चल रही है और 2047 में जब देश आजादी के 100 वर्ष पूरे करेगा तब ‘विकसित भारत’ का जो नक्शा उभर कर आएगा उसमें विकसित हरियाणा की एक अलग पहचान होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए पोर्टल के माध्यम से लोगों को न केवल योजनाओं का लाभ दिया है बल्कि राजकाज में जनता की भागीदारी को भी सुनिश्चित किया है। सरकार ने बजट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने से पहले आम नागरिक की राय ली और उन सुझावों को बजट में शामिल कर जनता के लिए कल्याणकारी बजट बनाया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनेक ऐसी योजनाओं को अमलीजामा पहनाया है, जिससे गरीब व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। म्हारा गांव-जगमग गांव योजना के तहत गांवों को 24 घंटे बिजली, हर घर नल से स्वच्छ जल, हैप्पी कार्ड से गरीबों को मुफ्त यात्रा, श्रमिकों को वित्तीय सहायता, किसानों को बोनस और मुआवजा, यह सब हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।


Post A Comment:
0 comments: