चंडीगढ़, 14 अक्तूबर- हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में किसानों की फसल की खरीद निर्बाध रूप से की जा रही है। सरकार किसानों के हित के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि मंत्री श्री दलाल आज सुबह भिवानी में अपने निवास स्थान पर जनसमस्याएं सुन रहे थे। कृषि मंत्री ने अनेक किसानों व हलका वासियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा फसल खरीद के लिए मंडियों में समुचित व्यवस्था की गई है। किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विगत दस दिनों में प्रदेश में करीब 70 हजार मी. टन से ज्यादा बाजरा और 18 लाख मी.टन से अधिक धान खरीदा जा चुका है। उन्होंने बताया कि करीब 450 करोड़ रुपए की पेमेंट किसानों के खातों में जा चुकी है। दलाल ने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए 100 से 200 टोकन प्रतिदिन दिए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि दीपावली तक बाजरा व मूंग की खरीद पूरी की जाए। यदि बाजरा की खरीद शेष रहती है तो उसे बाद में खरीदा जाएगा।
Post A Comment:
0 comments: