नई दिल्ली- हाल में हाथरस की पीड़िता के परिजनों से मिलने पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के नेताओं पर पुलिस लाठीचार्ज और कृषि अध्यादेशों के खिलाफ आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर के जीआईसी मैदान में महापंचायत का आयोजन किया गया। जिले में धारा 144 प्रभावी होने के बावजूद ट्रैक्टर-ट्राली, बस व अन्य वाहनों से यूपी, राजस्थान व हरियाणा के तमाम कार्यकर्ता पंचायत में शामिल हुए। इस महापंचायत को सपा-कांग्रेस के अलावा भारतीय किसान यूनियन व 36 खाप मुखियाओं का समर्थन मिला।
इस दौरान जयंत चौधरी ने अपने ऊपर हुए लाठीचार्ज को किसानों की अस्मिता व उनके गौरव से जोड़ा और मंच से लाठी लहराई। जवाब में भीड़ में शामिल कार्यकर्ताओं ने भी लाठी लहराकर उनका अभिवादन किया। इस महापंचायत में हरियाणा से पहुंचे राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हाथरस मे विपक्ष के नेताओं पर हमला यूपी सरकार के अहंकार का सूचक है। अब जाति-धर्म से ऊपर किसान-मज़दूर के संगठित हो कर BJP से लड़ने का समय आ गया है। दीपेंद्र हुड्डा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का सन्देश लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे थे। इस पंचायत का नाम लोकतंत्र बचाओ पंचायत रखा गया था जहाँ हजारों लोग पहुंचे थे।
Post A Comment:
0 comments: