केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर शनिवार को जिला के गांव मडऩाका में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट का बतौर मुख्यातिथि शुभारंभ करने उपरांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर खिलाडिय़ों का परिचय लेते हुए खिलाडिय़ों के हाथ मिलवाकर मैच का शुभारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रदेश सरकार वास्तव में खेलों को प्रोत्साहन देने वाली सरकारें हैं।
आज देश-प्रदेश में अधिक से अधिक युवाओं को खेलों में भागीदारी का अवसर मिल रहा है और प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार ने खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराया है। यही कारण है कि भारत देश और हरियाणा प्रदेश की प्रतिष्ठा आज पूरी दुनिया में बढ़ी है और देश और प्रदेश के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मेडल जीत रहे हैं।
हरियाणा के खिलाडिय़ों ने वैश्विक स्तर पर रोशन किया हरियाणा का नाम : कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने न केवल भारत का गौरव बढ़ाया है, बल्कि प्रदेश का नाम भी वैश्विक स्तर पर रोशन किया है। इसके पीछे हरियाणा सरकार की दूरदर्शी खेल नीति है, जिसके अंतर्गत पदक विजेताओं को देश में सबसे अधिक आर्थिक पुरस्कार राशि दी जाती है। साथ ही उन्हें ग्रुप-2 और ग्रुप-3 श्रेणी में सरकारी नौकरियां भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में अनेक खेल नर्सरियां और व्यायामशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं। यह सब हरियाणा सरकार की खेलोन्मुखी नीतियों और खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हरियाणा तो खेलो की खान है। ओलम्पिक, पेरा ओलम्पिक, एशियन गेम्स और कॉमनवैल्थ गेम्स में भारत देश जितने भी पदक जीता है उनमे सब में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने सबसे ज्यादा पदक हासिल किये है।
कड़ी मेहनत और ईमानदारी में छिपी है सफलता की कुंजी : कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि खेलों का हर व्यक्ति के जीवन में अनमोल महत्व है। खेल शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाते है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को एक नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करने का सबसे सशक्त माध्यम भी हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं न केवल खिलाडिय़ों के आत्मविश्वास को बढ़ाती है, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने देश और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित भी करती हैं। उन्होंने उपस्थित खिलाडिय़ों और युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सफलता की कुंजी कड़ी मेहनत और ईमानदारी में छिपी है। यदि खिलाड़ी दृढ़ संकल्प और अनुशासन के साथ निरंतर प्रयास करें तो हरियाणा के खिलाड़ी और अधिक पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ा सकते हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक दीपक मंगला, पूर्व विधायक प्रवीण डागर, पूर्व विधायक केहर सिंह रावत, वीरेंद्र डागर, डा. शीशपाल, योगेंद्र सहरावत, शीशपाल, महेंद्र भड़ाना, किरण पाल खटाना, काले शर्मा, नरेंद्र बिधूड़ी सहित अनेक गांवों के पंच-सरपंच व मौजिज लोग मौजूद रहे।


Post A Comment:
0 comments: