Faridabad Assembly

Palwal Assembly

Faridabad Info

भाजपा ने पंजाब समान वेतन देने जैसे 154 वादे किये थे लेकिन, एक भी पूरा नहीं किया- हुड्डा 

Haryana-Ex-CM-Bhupinder-Hooda-news
हमें ख़बरें Email: psrajput75@gmail. WhatsApp: 9810788060 पर भेजें (Pushpendra Singh Rajput)

हर्षित सैनी : रोहतक, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कल  रोहतक की नयी अनाज मंडी में आयोजित कार्यकर्त्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में आये कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र देते हुए कहा कि चुनाव की तारीख 21 अक्टूबर आ गई है। अब आगे बढ़ो, अब डेरे मंजिल पर ही डाले जाएंगे।
     उन्होंने कार्यकर्त्ताओं को कमर कसकर तैयार होने का आवाह्न करते हुए कहा कि आपने जो तपस्या की है वो खाली नहीं जायेगी। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं को पूरी ताकत से लड़ने का आवाह्न करते हुए कहा कि ‘‘ऐ ख़ाक-नशीनो उठ बैठो वो वक्त क़रीब आ पहुँचा है, जब तख्त गिराए जाएँगे, जब ताज उछाले जाएंगे।’’
              चौ. भूपेन्द्र हुड्डा ने लोगों को याद दिलाया कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में किए वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया जबकि उन्होंने 2004 में जितने वायदे किये थे वो सारे पूरे किए। इस बार भी सभी की सलाह से घोषणा पत्र बनाने की बात कहते हुए उन्होंने मोटे तौर पर पहले से जो घोषणाएं की गयी हैं, उन्हें पूरा करने की बात कही। 
        उन्होंने बताया कि बुढ़ापा पेंशन 5000 रुपये होगी, किसान, गरीब, अनुसूचित जाति का कर्जा माफ होगा, 2 एकड़ तक जोत वाले किसान को बिजली फ्री मिलेगी, कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान, ओल्ड एज पेंशन लागू करेंगे, पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को रोजगार या 10,000 रुपये और ग्रेजुएट को 7000 रुपये का बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।

        पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि चालान तो अमरीका वाला लगाते हैं लेकिन यहां की सड़कें देखो पाकिस्तान से भी बदतर हैं। उन्होंने सरकार आने पर नये मोटर वाहन कानून के तहत किये जा रहे भारी-भरकम जुर्माने वाले चालान कानून को खत्म करने का वादा किया।
       भूपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि आपको मालूम है कि 5 साल में हरियाणा कहां से कहां पहुंच गया है। आज हरियाणा बेरोजगारी में नंबर 1 है। हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा बेरोजगारी 28.7 प्रतिशत, अगर कहीं है तो हरियाणा में है। हरियाणा आज अपराध में नंबर 1 पर है। किसान की लागत बढ़ गयी। मंडियों में किसान को लागत भी नहीं मिल रही और किसान कर्जे में दब रहा है। उसी तरह गरीब आदमी कर्जे में दब रहा है। 
      उनका कहना था कि भाजपा ने 2104 में किसान को स्वामीनाथन, गरीबों को प्लाट, युवाओं को बेरोजगारी भत्ता, कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान देने जैसे 154 वादे किये थे लेकिन, एक भी पूरा नहीं किया। प्रकाश सिंह कमेटी की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा को जन आशीर्वाद नहीं जन पश्चाताप करने की बात कही और कहा कि भाजपा ने हरियाणा के 80 लोगों की जान ली है।
            इससे पहले हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि हमारी परीक्षा की घड़ी आ गयी है। आज ही विधानसभा चुनाव का बिगुल बजा है। हरियाणा बदलाव चाहता है। 5 साल भाजपा की जनविरोधी सरकार रही। इनकी कारगुजारी के कारण किसान, दलित, पिछड़ा वर्ग, कर्मचारी और सबसे ज्यादा हमारा युवा दुखी है। आज उसे अपना भविष्य इस सरकार की गलत नीतियों के कारण अंधकारमय नजर आ रहा है। 
       उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा में अपराध इस कदर बढ़ गया है कि पूरे देश में अपराध में हरियाणा का नाम सबसे ऊपर लिया जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में केवल खोखले नारों के सिवा कुछ नहीं मिला। अब वक्त आ गया है कि भाजपा को इनकी असलियत बता देनी है। बेरोजगारी में आज हरियाणा सबसे ऊपर है। प्रदेश के भाईचारे, अमन-चैन को चोट लगी, इसका जवाब भाजपा से मांगना होगा। आपका जोश और प्रेम आने वाले समय में दिखा देगा कि भाजपा की जनविरोधी सरकार को उखाड़ देने का मन बना लिया है।
           बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर गदगद दिखे पूर्व सांसद व कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा मुझे विश्वास है कि आपकी भावना और जोश रंग लेकर आयेगी और हरियाणा में आपकी सरकार लेकर आयेगी। 
        दीपेन्द्र हुड्डा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि रोहतक से राजनीति की फ़िजा बदलती है, भाजपा को इस बात का पता है। यहां से कांग्रेस के पक्ष में हवा चलेगी, खुशहाली और भाईचारे के साथ अगली पीढ़ी के लिये विकास की हवा चलेगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही हरियाणा की भाजपा सरकार केयर टेकर सरकार हो गयी और इसे सत्ता से बाहर करने का संकल्प लेना है।
        दीपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले करते हुए कहा कि पिछले 5 साल में भाजपा की निकम्मी सरकार ने हरियाणा का बहुत नुकसान किया है। प्रदेश को कांग्रेस पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं कि इस नकारा सरकार से हरियाणा का पीछा छुड़ाएं। 
      उनका कहना था कि जो हरियाणा 2014 में विकास, निवेश, खेल-खिलाड़ियों, किसान को भाव में, बुजुर्गों की पैंशन में नंबर 1 था, वो आज अपराध में, महिलाओं के खिलाफ अपराध में, बेरोजगारी में नंबर 1 बन गया है। 5 साल में हरियाणा को पीछे ढकेलने का काम किया है। 
         पूर्व कांग्रेसी सांसद ने कहा कि पांच साल में एक भी नयी फैक्ट्री आनी तो दूर की बात है, आईएमटी बंद हो गयी। प्रदेश पर तीन गुना कर्ज हो गया। अवैध खनन, ग्वाल पहाड़ी, यमुना नगर, दादरी में खनन का मामला हो, चारों तरफ लूट मची है। हर मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त है। 
         उन्होंने सीधा सवाल किया कि भाजपा ने पिछले 5 साल में कोई काम किया हो तो बताए। काम कुछ किया नहीं, लेकिन घमंड में इस कदर चूर हैं कि कहते हैं 75 पार। उन्होंने अपना नारा दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि अबकी बार 75 पार नहीं अबकी बार भाजपा बाहर।
       उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा के मान-सम्मान की पगड़ी को रौंदने का काम किया है। आज हरियाणा के मान-सम्मान की पगड़ी और लोकतंत्र को बचाने की जरुरत है। हरियाणा भाईचारे के लिये जाना जाता था। कांग्रेस के पिछले 10 साल के कार्यकाल में फौज बुलाने, पुलिस की गोली चलाने की बात तो दूर की है, कभी लाठीचार्ज करने की भी नौबत नहीं आई।
         उन्होंने लोकतंत्र पर खतरे के प्रति लोगों को आगाह करते हुए कहा कि विपक्ष की मजबूत आवाजों को दबाने के लिये देश की एजेंसियों का प्रयोग किया जाए तो समझ जाना चाहिए कि लोकतंत्र खतरे में है। जब लोकतंत्र में चुनाव की प्रक्रिया में साम-दाम-दंड-भेद का प्रयोग किया जाये जैसा रोहतक में किया गया था, तब समझ जाना चाहिए कि लोकतंत्र खतरे में है। हरियाणा को बचाने के लिये आज प्रदेश हमारी तरफ देख रहा है। आज आपकी और हमारी तरफ इसीलिये प्रदेश देख रहा है। उम्मीद की नजर हमारी तरफ टिकती है। 
      उन्होंने लोगों का आवाह्न किया कि हरियाणा को बचाने, लोकतंत्र को बचाने, हरियाणा के मान-सम्मान को बचाने की लड़ाई में साथ दें। इस पर वहां मौजूद जनसैलाब ने हाथ उठाकर पूरा समर्थन देने का भरोसा दिया। उन्होंने रोहतक लोकसभा चुनाव के नतीजों को साम-दाम-दंड-भेद का प्रयोग करके बदलने का जो प्रयास किया गया उसका बदला विधानसभा चुनाव में वोट की चोट से लेने की बात कही।
फेसबुक, WhatsApp, ट्विटर पर शेयर करें

Rohtak News

Post A Comment:

0 comments: