Faridabad Assembly

Palwal Assembly

Faridabad Info

हरियाणा के नौजवान आज भी सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं : MLA राजेश नागर

MLA-RAJESH-NAGAR-TIGAON-FARIDABAD
हमें ख़बरें Email: psrajput75@gmail. WhatsApp: 9810788060 पर भेजें (Pushpendra Singh Rajput)

MLA-RAJESH-NAGAR-TIGAON-FARIDABAD

हथीन (पलवल), 26 जनवरी। उपमंडल हथीन की अनाज मंडी में शुक्रवार को 75वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विधानसभा क्षेत्र तिगांव के विधायक राजेश नागर ने समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया और पुलिस की टुकडी की सलामी ली।

विधायक राजेश नागर ने कहा कि सन 1950 में आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान के कारण हम सभी को समान न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता का अधिकार मिला। उन्होंने उपमंडलवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। विधायक राजेश नागर ने कहा कि गणतंत्र दिवस के साथ हमारे देशभक्तों के त्याग और बलिदान की एक लंबी गौरवगाथा जुड़ी हुई है। 

देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद और उधम सिंह जैसे अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने लम्बा संघर्ष किया। उन्होंने इस मौके पर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों के साथ-साथ उन जांबाज जवानों को भी सलाम किया, जिन्होंने आजादी के बाद देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की बाजी लगा दी। आजादी की लड़ाई में हरियाणा प्रदेश का भी अहम योगदान रहा है। 

आज भी हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं। यही कारण है कि आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा से है। आज हमें इस बात का विचार करने की आवश्यकता है कि आजादी के बाद हमने अपने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान-निर्माताओं के सपनों का भारत बनाने की दिशा में कहां तक सफलता हासिल की है। 

हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के कठोर संघर्ष से हमें आजादी मिली तो वहीं दिन-रात मुस्तैदी से देश की सीमाओं की निगहेबानी करने वाले वीर सैनिकों के कारण हमारी यह आजादी सुरक्षित है। आज पूरा देश उनका ऋणी है। उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सरकार ने युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्ध-सैनिक बलों के जवानों की अनुग्रह राशि 20 लाख रुपए से बढ़ाकर 50 लाख रुपए की गई है। सरकार ने शहीदों के 367 आश्रितों को सरकारी नौकरियां दी हैं। विधायक राजेश नागर ने कहा कि सदियों की प्रतीक्षा के बाद हमारे प्रभु श्री राम का मंदिर अयोध्या में स्थापित हुआ है। 

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के फलस्वरुप 22 जनवरी 2024 का सूरज देश में अद्भुत आभा लेकर आया है। इस दिन अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन के बाद से प्रतिदिन पूरे देश में उमंग उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। 22 जनवरी को पूरे देश में दिवाली मनाई गई थी। हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में मौजूदा सरकार सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र पर प्रदेश के हर क्षेत्र का समान विकास करवाने के लिए प्रयासरत है। राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन एवं सुशासन के पथ पर चलते हुए कई अनूठी पहल शुरू की हैं। 

प्रदेश में हर व्यक्ति को उसके घर-द्वार पर ही सरकार की योजनाओं व सेवाओं का लाभ मिले, इसके लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं व सेवाओं को ऑनलाइन किया जा रहा है। मेरा परिवार-मेरी पहचान कार्यक्रम के तहत सभी परिवारों के परिवार पहचान-पत्र बनाए जा रहे हैं। 

राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन को परिवार पहचान-पत्र से जोड़ा गया है। देश में पहली बार बी.पी.एल. परिवारों को ऑनलाइन राशन कार्ड देने की सुविधा शुरू की है। अब परिवार पहचान पत्र के माध्यम से बिना आवेदन किए ऑटोमैटिक ढंग से पात्र परिवार को बी.पी.एल. का पीला राशन कार्ड ऑनलाइन मिल रहा है। प्रदेश के सबसे गरीब परिवारों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना चलाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक गरीबों को मुफ्त इलाज सुविधा देने के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए गए है। अंत्योदय परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए निरोगी हरियाणा योजना भी शुरू की है, जिन गरीब परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक से कम है, उन बेघर परिवारों का सर्वेक्षण कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राथमिकता के आधार पर मकान दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के तहत बी.पी.एल. परिवारों को 6 हजार रुपए वार्षिक सहायता दी जा रही है।  उन्होने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग व विधवाओ को भी तीन हजार रुपए की सामाजिक सुरक्षा मासिक पेंशन दी जा रही है। 

गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह पर शगुन के रूप में मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत 71 हजार रुपए तक की राशि दी जा रही है। प्रदेश में फसलों की खरीद को सुविधाजनक बनाने हेतु मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल शुरू किया गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 14 फसलों की खरीद करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 36 हजार से अधिक मकान बनाए गए हैं, जबकि 16 हजार मकान बनाए जा रहे हैं। 

हर गरीब को राशन मिलने में परेशानी न हो और उसका हक न मर सके, इसके लिए राशन वितरण व्यवस्था को तकनीकी के माध्यम से पारदर्शी बनाया गया है। एक लाख 10 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी है। आउटसोर्सिंग सेवा में युवाओं को ठेकेदारों के शोषण से बचाने के लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम बनाया गया है। इस मौके पर विधायक राजेश नागर ने स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों व युद्ध वीरांगनाओं को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

फेसबुक, WhatsApp, ट्विटर पर शेयर करें

Faridabad News

Haryana-news

Palwal News

Post A Comment:

0 comments: