Faridabad Assembly

Palwal Assembly

Faridabad Info

Good News- हरियाणा के 12 खिलाड़ियों को मिला मेजर ध्यानचंद खेल रत्न और अर्जुन अवार्ड

Haryana-Sport-sps-Report
हमें ख़बरें Email: psrajput75@gmail. WhatsApp: 9810788060 पर भेजें (Pushpendra Singh Rajput)

चंडीगढ़, 13 नवंबर- हरियाणा के खिलाड़ियों द्वारा ओलंपिक व पैरालंपिक-2020 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश व देश का नाम रोशन करने पर आज राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद द्वारा राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2021 से खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।

राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित इस समारोह में हरियाणा के 12 खिलाड़ियों और 4 प्रशिक्षकों को 'मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन अवार्ड, द्रोणाचार्य लाईफ टाईम अवार्ड, द्रोणाचार्य अवार्ड और मेजर ध्यानचंद लाइफ़टाइम एचीवमेंट अवार्ड मिला है।

श्री नीरज चोपड़ा, श्री मनीष नरवाल, श्री रवि कुमार दहिया व श्री सुमीत अंतिल को देश का सबसे बड़ा खेल सम्मान 'मेजर ध्यानचंद खेल रत्न' मिला है। वहीं हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले 8 खिलाड़ी खेल और स्पर्धा 2021 में शानदार प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किए गए हैं। श्री योगेश कथूनिया, श्री सुरेंद्र पालड, श्री सिंहराज अधाना, श्री सुमित कुमार, श्री दीपक पूनिया, श्री हरविंदर सिंह, सुश्री मोनिका मलिक और श्री संदीप को अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया है।

खिलाड़ियों और उनके खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने में उनके प्रशिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान होता है। खेल और स्पर्धा 2021 में उत्कृष्ट कोचों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफ- टाइम श्रेणी) में श्री सरकार तलवार और श्री आशान कुमार को सम्मानित किया गया है। द्रोणाचार्य पुरस्कार (नियमित श्रेणी) में प्रीतम सिवाच को सम्मान मिला है। खेल और स्पर्धा 2021 में लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए सज्जन सिंह को ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

हरियाणा के मानव रचना शैक्षणिक संस्थान को नवोदित और युवा प्रतिभा की पहचान और पोषण की श्रेणी में राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2021 से सम्मानित किया गया है।

कुल मिलाकर देखा जाए तो इन पुरस्कारों में हरियाणा का दबदबा रहा है। 12 मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड में से 4 खेल रत्न अवॉर्ड हरियाणा को मिले हैं। 35 अर्जुन अवार्ड में से 8 अर्जुन अवॉर्ड हरियाणा को मिले हैं। प्रशिक्षकों की अलग-अलग कैटेगरी में कुल 15 द्रोणाचार्य अवार्ड में से 4 हरियाणा के प्रशिक्षकों को मिले हैं। दो राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कारों में से एक हरियाणा को मिला है। कुल 64 पुरस्कारों में से हरियाणा को 17 पुरस्कार मिले हैं।

इन सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ने समस्त हरियाणावासियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दी जाने वाली सबसे अधिक इनामी राशि को लेकर हरियाणा की खेल नीति की देश में ही नहीं विदेशों में भी सराहना होती रही है। अन्य प्रांत भी हरियाणा की खेल नीति का अनुसरण करने के लिए हरियाणा का दौरा कर चुके हैं। हरियाणा सरकार निरंतर खेलों को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है और आज राज्य के इतने अधिक खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को मिले राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2021 हरियाणा सरकार के राज्य को खेल हब बनाने के प्रयासों को चरितार्थ कर रहे हैं।

फेसबुक, WhatsApp, ट्विटर पर शेयर करें

Haryana News

Post A Comment:

0 comments: