फरीदाबाद: हरियाणा भाजपा जल्द जिला अध्यक्षों की घोषणा करने वाली है। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ जल्द नामों की घोषणा कर सकते हैं। एक-एक जिले से कई-कई नेता इस दौड़ में शामिल हैं। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष ने पैनल भी तैयार कर लिया है। फरीदाबाद की बात करें तो यहाँ किसी युवा नेता या वरिष्ठ तजुर्बेकार नेता को मौका मिल सकता है। वर्तमान समय में पूरे प्रदेश में पार्टी की हालत खस्ता है। कांग्रेस जबरजस्त आक्रमण कर रही है और कई तरह के घोटालों को लेकर भाजपा-जजपा सरकार को घेर रही है। सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों पर लगाम नहीं लगा पा रही है। हर जिले में घपले-घोटाले जारी हैं। अगर पार्टी के जिला अध्यक्ष मजबूत हों तो इन घपले-घोटालों की सूचना ऊपर तक पहुंचा सकते हैं लेकिन कई जिलों के अध्यक्ष शो-पीस बनकर रह गए हैं। बड़े नेता अधिकतर जिला अध्यक्ष उन्ही को बनाते हैं जो उनकी जी-हुजूरी कर सके। मूकदर्शक बना रहे।
मजबूत जिला अध्यक्ष संगठन को भी मजबूत रखता है लेकिन वर्तमान में ऐसा नहीं हो रहा है। तमाम मंडल अध्यक्षों को भी पार्टी में ज्यादा भाव नहीं दिया जा रहा है जिस कारण अंदर से वो नाराज हैं। मंडल अध्यक्षों को सिर्फ चुनावों के समय ही पूंछा जाता है। फरीदाबाद में एक साल बाद नगर निगम चुनाव होने हैं और उसके पहले पंचायत चुनाव होंगे। नया जिला अध्यक्ष जो भी नियुक्त किया जाएगा उस पर खास जिम्मेदारी होगी। देखते हैं ऊपर से किसका नाम तय किया जाएगा। फिलहाल आधा दर्जन से ज्यादा भाजपा नेता इस पद को पाने का ख्वाब देख रहे हैं।
Post A Comment:
0 comments: