Faridabad Assembly

Palwal Assembly

Faridabad Info

DC हरीश कुमार वशिष्ठ ने किया यमुना पुल व साथ लगते गांवों का निरीक्षण

DC-HARISH-KUMAR-VASHISHT-PALWAL
हमें ख़बरें Email: psrajput75@gmail. WhatsApp: 9810788060 पर भेजें (Pushpendra Singh Rajput)

DC-HARISH-KUMAR-VASHISHT-PALWAL

पलवल, 01 सितंबर। उपायुक्त डा. हरीश कुमार ने सोमवार को यमुना के बढ़ते जलस्तर के मध्यनजर नदी के साथ लगते गांवों का संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यमुना किनारे बसे गांवों में बनाए गए तटबंधों को और मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि यमुना में जलस्तर बढ़ने की संभावना के चलते सभी जरूरी प्रबंध किया जाए। किसी भी सूरत में यमुना का पानी गांवों में न घुस पाए। वहीं सरपंचों को गांवों में लगातार मुनादी करवाने के भी निर्देश दिए।


उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मोहना स्थित यमुना पुल और यमुना नदी के किनारे बसे जिला के गांव बागपुर, दोस्तपुर, राजूपुर खादर, थंथरी व गुरवाड़ी आदि गांवों दौरा किया। उन्होंने इन गांवों में बनाए गए तटबंधों का निरीक्षण करते हुए कहा कि इन तटबंधों को मिट्टी डालकर पूरी तरह से मजबूत बनाया जाए। 

वहीं इन तटबंधों किए गए अवैध कब्जों को तुरंत प्रभाव से हटवाने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने गांवों के सरपंचों सहित मौजिज लोगों से बातचीत करते हुए व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गांवों में लगातार मुनादी करवाने के लिए भी कहा, ताकि ग्रामीण सतर्क रहे।

उन्होंने सरपंचों से कहा कि गांवों में जिनके घर निचले स्तर पर है उन लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करवाया जाए। वहीं इन गांवों में ग्रामीण अपनी खाद्य सामग्री सहित जरूरी चीजें भी रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने ग्रामीणों से अपने पशुओं को यमुना किनारे न बांधने की अपील भी की। उपायुक्त ने सरपंचों व मौजिज लोगों से कहा कि किसी भी तरह की समस्या आने पर वह तुरंत प्रभाव से बीडीपीओ को जानकारी दें। 

इसके अलावा पलवल व होडल में बनाए गए फ्लड कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर पलवल 01275-298160 और होडल हेल्पलाइन नंबर 01275-235836 पर भी सूचना दें सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने जहां जरूरत है वहां कट्टों में मिट्टी डालकर बांध भी बनाने के निर्देश दिए। वहीं अन्य सभी प्रबंध भी करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर बीडीपीओ नरेश कुमार, सिंचाई विभाग के एक्सईएन रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।

चांट में चांदहट चौक पर दोनों ओर ब्रेकर बनाने के दिए निर्देश

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अपने दौरे के दौरान गांव चांट में अलीगढ़ रोड पर स्थित चांदहट चौक पर चांदहट की ओर जाने वाली तथा गांव मीसा की ओर जाने वाली सड़क पर उचित जगह पर ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए, ताकि वहां दुर्घटना की संभावना कम से कम हो। इसके अलावा अन्य सड़कों का भी निरीक्षण किया।

थंथरी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय विद्यार्थियों से हुए रूबरू

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने गांव थंथरी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में मिड-डे मील के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उपायुक्त विद्यार्थियों से भी रूबरू हुए। उन्होंने कक्षा तीसरी व पांचवी में जाकर विद्यार्थियों से टेबल सुनी। पांचवीं की छात्रा प्रिया द्वारा अच्छा प्रदर्शन करने पर राशि देकर पुरस्कृत भी किया।

पलवल शहर में अलीगढ़ रोड पर सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा

उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने पलवल शहर में अलीगढ़ रोड पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और नालों की ब्लॉकेज खोलने को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिले में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी करने का भी आह्वान किया।

फेसबुक, WhatsApp, ट्विटर पर शेयर करें

Palwal News

Post A Comment:

0 comments: