चंडीगढ़- हरियाणा के पूर्व मुख्य्मंत्री ओम प्रकाश चौटाला को भी लगता है कि वर्तमान में भाजपा-जजपा सरकार ज्यादा समय तक नहीं चलेगी और प्रदेश में मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। कल चंडीगढ़ में एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि मौजूदा गठबंधन सरकार में कुछ भी ठीक नहीं है। जजपा और भाजपा के विधायक किसी भी समय टूट सकते हैं। हरियाणा के वर्तमान राजनीतिक हालातों के अनुसार प्रदेश में मध्यावधि चुनाव से इनकार नहीं किया जा सकता है। पूर्व सीएम ने कहा कि जजपा ने किसानों के मुद्दों को लेकर चुनाव तो लड़ा मगर आज कृषि कानूनों पर जजपा चुप्पी साधे हुए है। इससे जजपा के कई विधायक न केवल नाराज हैं बल्कि वह जजपा छोड़ भी सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक व नेता इनेलो छोड़ गए थे वह आज इनेलो में वापसी का रास्ता तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनलो के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रहे अशोक अरोड़ा, पूर्व मंत्री रामपाल माजरा, संपत्त सिंह, पूर्व विधायक परमिंदर सिंह ढुल समेत कई नेता ऐसे हैं जो इनेलो में वापस आने की राह तलाश रहे हैं। इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि बरोदा उपचुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी का ऐलान बृहस्पतिवार को कर दिया जाएगा।
इनेलो सुप्रीमो व पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला को नहीं लगता कि राज्य की मौजूदा भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार अपना कार्यकाल पूरा कर सकेगी। उनका दावा है कि दोनों पार्टियों के कई विधायक भाजपा- जजपा छोड़कर भागेंगे और राज्य में मध्यावधि चुनाव होंगे।
चौटाला ने कहा, अगर दुष्यंत ने इनेलो नहीं छोड़ी होती तो आज पार्टी सत्ता में होती और दुष्यंत मुख्यमंत्री होता। ओपी चौटाला ने कहा, मैं और अजय चौटाला जेल में थे। अभय चौटाला ने तो चुनाव लड़ने से ही मना कर दिया था। ऐसे में दुष्यंत ही एकमात्र नेता था, जिसे प्रदेश की कमान दी जाती, मगर दुष्यंत ने अपने नफा-नुकसान किए बिना ही आंकलन करते हुए इनेलो को छोड़ दिया।
Post A Comment:
0 comments: